KAWARDHA NEWS. कबीरधाम जिले के लोहारा थाना क्षेत्र में उपचार के बहाने मानसिक रूप से अस्वस्थ युवती से दुष्कर्म करने के आरोप में पुलिस ने एक आयुर्वेदिक चिकित्सक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। शिकायत दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, 14 जुलाई 2026 को पीड़िता के परिजनों ने थाना लोहारा में शिकायत दर्ज कराई कि बिडोरा स्थित आयुर्वेदिक चिकित्सक बालक दास चंदेल ने इलाज के बहाने उनकी मानसिक रूप से अस्वस्थ बेटी के साथ जबरन दुष्कर्म किया। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर तत्काल जांच शुरू कर दी।

पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र बघेल एवं अमित पटेल के मार्गदर्शन तथा पुलिस अनुविभागीय अधिकारी संजय ध्रुव के पर्यवेक्षण में जांच आगे बढ़ाई गई। साक्ष्यों के आधार पर 15 जुलाई 2026 को पुलिस ने आरोपी बालक दास चंदेल (35 वर्ष), निवासी ढोढमानवापारा को गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 64(1) के तहत मामला दर्ज किया गया है। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी मनीष मिश्रा, महिला थाना प्रभारी शालिनी वर्मा, उपनिरीक्षक राजेश्वर सिंह ठाकुर, सहायक उपनिरीक्षक संदीप चौबे, प्रधान आरक्षक बलदाऊ भट्ट तथा आरक्षक रवि जायसवाल, तुषांत साहू और बिसेन छेदावी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कबीरधाम पुलिस ने कहा है कि महिलाओं और बालिकाओं के विरुद्ध होने वाले गंभीर अपराधों में त्वरित और सख्त कानूनी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।






































