KERALA NEWS: केरल के कन्नूर जिले में डेढ़ साल के मासूम देवांश की मामूली चोट के इलाज के दौरान मौत हो गई। खेलते समय उसके निचले होंठ और ठुड्डी के बीच कट लग गया था। परिजन उसे टांके लगवाने के लिए पय्यानूर के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे थे।

एनेस्थीसिया के बाद बिगड़ी तबीयत
परिजनों का आरोप है कि टांके लगाने से पहले डॉक्टरों ने बच्चे को एनेस्थीसिया दिया, जिसके कुछ ही देर बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई। उनका दावा है कि इसके बाद बच्चे को गंभीर न्यूरोलॉजिकल समस्याएं हुईं और कई दिनों तक इलाज के बावजूद शुक्रवार रात उसकी मौत हो गई। देवांश अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था और शादी के आठ साल बाद जन्मा था।

अस्पताल के खिलाफ मामला दर्ज
घटना के बाद परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई। रिश्तेदार के. राजीवन की शिकायत पर पयन्नूर पुलिस ने एनेस्थेटिस्ट डॉ. अंजलि पोडुवल के खिलाफ मामला दर्ज किया है। वहीं डीवाईएफआई (DYFI) कार्यकर्ताओं ने अस्पताल तक मार्च निकालकर निष्पक्ष जांच की मांग की।

अस्पताल ने आरोपों से किया इनकार
अस्पताल प्रबंधन ने सभी आरोपों को खारिज किया है। अस्पताल का कहना है कि एनेस्थीसिया देने के तुरंत बाद बच्चे को अचानक कार्डियक अरेस्ट हुआ था।
उसे तत्काल वेंटिलेटर सपोर्ट दिया गया और बेहतर इलाज के लिए कन्नूर स्थित अस्पताल रेफर किया गया। प्रबंधन के अनुसार, एनेस्थीसिया निर्धारित प्रक्रिया के तहत दिया गया था और बच्चे की जान बचाने के लिए हर संभव प्रयास किए गए।






































