AYODHAY NEWS. राम मंदिर में दान चोरी विवाद के बीच अयोध्या पहुंचे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि जिन दलों ने आस्था की बात की, उन्हीं लोगों ने हनुमानगढ़ी की सीढ़ियों पर नमाज पढ़वाने का काम किया था। मुख्यमंत्री ने सवाल उठाया कि क्या कभी किसी जामा मस्जिद में हनुमान चालीसा का पाठ कराया जा सकता है।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उनकी सरकार ने अयोध्या को देश की सांस्कृतिक राजधानी के रूप में नई पहचान दिलाई है। उन्होंने दावा किया कि 2017 से पहले अयोध्या उपेक्षा का शिकार थी, लेकिन अब यहां तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं और दुनिया भर से श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रभु श्रीराम और पवनसुत हनुमान के आशीर्वाद से अयोध्या का विकास लगातार आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि जिस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का कभी विरोध किया गया था, वही आज महर्षि वाल्मीकि के नाम से देश के प्रमुख शहरों को अयोध्या से जोड़ रहा है। योगी ने निषादराज गुह का उल्लेख करते हुए कहा कि उनकी सरकार ने अयोध्या में रैन बसेरे का नाम निषादराज के नाम पर रखा और श्रृंगवेरपुर में भगवान राम और निषादराज के मिलन की भव्य प्रतिमा स्थापित कराई। उन्होंने विपक्ष पर वक्फ के नाम पर जमीनों पर कब्जा कराने का भी आरोप लगाया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी ने राम मंदिर निर्माण में बाधाएं खड़ी कीं, भगवान राम के अस्तित्व पर सवाल उठाए और रामभक्तों पर गोलियां चलवाईं। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार बनने के बाद भव्य राम मंदिर का निर्माण पूरा हुआ और कोई इसे रोक नहीं सका। विकास कार्यों का जिक्र करते हुए योगी ने कहा कि अयोध्या अब सोलर सिटी के रूप में विकसित हो रही है।

नए घाट से गुप्तार घाट तक व्यापक सौंदर्यीकरण किया गया है, सूरज कुंड का पुनरुद्धार हुआ है और पहले उपेक्षित रहे कई धार्मिक स्थलों को नया स्वरूप दिया गया है। उन्होंने कहा कि जब नीयत साफ और नीति स्पष्ट होती है तो विकास अपने आप दिखाई देता है। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या में 432 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 217 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने विकास कार्यों के साथ-साथ विपक्ष पर राजनीतिक हमले भी तेज किए।






































