BILASPUR NEWS. लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती के खिलाफ बुधवार को सकरी पूरी तरह बंद रहा। सुबह से ही व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठानों के शटर गिरा दिए और बड़ी संख्या में नागरिकों के साथ बिजली कार्यालय पहुंचकर घेराव किया। प्रदर्शनकारियों ने विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए चेतावनी दी कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ तो मुख्य मार्गों पर चक्काजाम किया जाएगा।

सकरी व्यापारी संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि पिछले चार महीनों से सुबह के समय नियमित रूप से बिजली गुल की जा रही है, जिससे व्यापार बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि कई बार शिकायत और चेतावनी देने के बावजूद विभाग ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। इसी के विरोध में व्यापारियों को बंद का सहारा लेना पड़ा।

बाजार बंद रहने से पूरे क्षेत्र में आंदोलन का असर दिखाई दिया। व्यापारियों का कहना है कि बिना पूर्व सूचना घंटों बिजली काटे जाने से कंप्यूटर, बिलिंग मशीनें, फ्रिज और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बंद हो जाते हैं, जिससे कारोबार चौपट हो रहा है और ग्राहकों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है।

नागरिकों ने बताया कि बिजली कटौती के कारण पेयजल संकट भी गहरा गया है। सुबह के समय पानी नहीं आने से लोगों को रोजमर्रा की जरूरतों के लिए भटकना पड़ रहा है। छोटे कारोबारियों ने आर्थिक नुकसान की शिकायत करते हुए कहा कि स्थिति ऐसी हो गई है कि कर्मचारियों को समय पर मजदूरी देना भी मुश्किल हो रहा है।

प्रदर्शनकारियों ने विद्युत विभाग को ज्ञापन सौंपकर अघोषित कटौती तत्काल बंद करने और नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि समस्या का समाधान नहीं होने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा।






































