JAIDEEP SAHU WINS GOLD छत्तीसगढ़ के माटी पुत्र जयदीप साहू ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर शानदार प्रदर्शन करते हुए देश और प्रदेश का नाम रोशन किया है। एशियन, पैसिफिक-अफ्रीका इंटरनेशनल पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में जयदीप ने 66 किलोग्राम सीनियर कैटेगरी में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया।

प्रतियोगिता में जयदीप ने अपने आत्मविश्वास और दमदार लिफ्टिंग से सभी को प्रभावित किया। उन्होंने स्क्वाट में 180 किलोग्राम, बेंच प्रेस में 102.5 किलोग्राम और डेडलिफ्ट में 170 किलोग्राम उठाते हुए कुल 452.5 किलोग्राम का शानदार टोटल बनाया और गोल्ड मेडल अपने नाम किया।

अफ्रीका की धरती पर तिरंगा लहराकर जयदीप ने साबित कर दिया कि मेहनत और हौसले के सामने कोई चुनौती बड़ी नहीं होती। कभी जिनकी क्षमता पर सवाल उठाए जाते थे, उसी खिलाड़ी ने अपने प्रदर्शन से सभी को जवाब दे दिया।

भारतीय टीम के कोच और छत्तीसगढ़ के पूर्व अंतरराष्ट्रीय पावरलिफ्टर कृष्णा साहू ने जयदीप की इस उपलब्धि को बड़ी सफलता बताया। उन्होंने बताया कि आने वाले मुकाबलों में छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी प्रियंक मिश्रा (93 किग्रा) और अमान शुक्ला (120 किग्रा) से भी पदक की उम्मीद है।

4 से 12 जुलाई तक चल रही इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में अभी इक्विप्ड कैटेगरी के मुकाबले हो रहे हैं। इसके बाद 8 जुलाई से क्लासिक (अन-इक्विप्ड) प्रतियोगिता शुरू होगी, जिसमें जयदीप साहू सहित छत्तीसगढ़ के अन्य खिलाड़ी फिर से अपनी चुनौती पेश करेंगे।

जयदीप की इस ऐतिहासिक जीत पर छत्तीसगढ़ पावरलिफ्टिंग संघ, खेल प्रेमियों और प्रदेशवासियों ने खुशी जताई है। खिलाड़ी और उनके कोच कृष्णा साहू ने सभी के प्यार और आशीर्वाद के लिए धन्यवाद दिया है।


































