KERLA NEWS. केरल के वायनाड जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच मेप्पाडी के पास कल्लाडी इलाके में मंगलवार को हुए भूस्खलन ने बड़ा हादसा खड़ा कर दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस घटना में तीन लोगों की मौत हो गई है, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। राहत एजेंसियों के मुताबिक कुछ लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है, वहीं सात लोगों के लापता होने की आशंका जताई जा रही है। घटना का सीसीटीवी फुटेज और भूस्खलन का वीडियो भी सामने आया है।

जानकारी के अनुसार, प्रस्तावित वायनाड–मलप्पुरम टनल रोड परियोजना के निर्माण क्षेत्र में खुदाई के दौरान जमा मलबा अचानक नीचे खिसक गया। इससे आसपास का इलाका मलबे की चपेट में आ गया और सड़क संपर्क भी बाधित हो गया। घायल लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि लगातार बारिश के कारण निर्माण कार्य पहले से बंद था, लेकिन आसपास मौजूद कुछ लोग हादसे की चपेट में आ गए।

केरल राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (KSDMA) के अनुसार, मलबे में और लोगों के फंसे होने की आशंका है। प्रारंभिक जानकारी में एक चर्च, चाय की दुकान और बस स्टॉप के भी मलबे में दबने की बात सामने आई है। घटना मीनाक्षी ब्रिज के समीप हुई, जहां टनल परियोजना का निर्माण कार्य चल रहा था। मौके पर फायर एंड रेस्क्यू सर्विस, पुलिस, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) तथा अन्य बचाव दल राहत एवं खोज अभियान चला रहे हैं।

प्रभावित क्षेत्र में पिछले 24 घंटे के दौरान लगभग 265 मिमी बारिश दर्ज की गई, जिससे बचाव कार्य भी चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। केंद्रीय राज्य मंत्री सुरेश गोपी ने कहा कि फिलहाल स्थिति राज्य सरकार के नियंत्रण में है। यदि अतिरिक्त बल या विशेषज्ञों की आवश्यकता होगी तो केंद्र हर संभव सहायता उपलब्ध कराएगा। वहीं, वायनाड से कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने कहा कि भूस्खलन में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए सभी संबंधित एजेंसियां समन्वय के साथ काम कर रही हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस, NDRF, SDRF, सिविल डिफेंस और जिला प्रशासन राहत कार्यों में जुटे हैं।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता के.सी. वेणुगोपाल ने भी घटना पर चिंता व्यक्त करते हुए सभी कार्यकर्ताओं से प्रशासन के राहत और बचाव अभियान में सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने प्रभावित लोगों के शीघ्र सुरक्षित होने की कामना की।






































