RAIPUR NEWS. राजधानी रायपुर के समीप नकटी गांव में अतिक्रमण हटाने के लिए की गई बुलडोजर कार्रवाई को लेकर राजनीतिक विवाद लगातार गहराता जा रहा है। विपक्ष के हमलों के बीच अब भाजपा सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने भी इस कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने बारिश के मौसम में मकान तोड़ने की कार्रवाई को गलत बताते हुए कहा कि कुछ उत्साही अधिकारियों के फैसले से राज्य सरकार की छवि को नुकसान पहुंचा है।

सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि उन्होंने इस पूरे मामले को लेकर मंत्री ओपी चौधरी को पत्र लिखा था, लेकिन अब तक उन्हें कोई जवाब नहीं मिला है। उन्होंने संकेत दिया कि प्रशासनिक स्तर पर इस मामले में संवेदनशीलता की कमी रही।

दरअसल, बुलडोजर कार्रवाई से एक दिन पहले नकटी गांव के ग्रामीण सांसद बृजमोहन अग्रवाल से मिले थे। ग्रामीणों ने उन्हें नोटिस मिलने के बाद मकान तोड़े जाने की आशंका जताते हुए कार्रवाई रुकवाने की मांग की थी। उस समय सांसद ने उन्हें भरोसा दिलाया था कि बरसात के दौरान कोई तोड़फोड़ नहीं होगी और प्रशासन तथा ग्रामीणों के बीच समाधान निकालने का प्रयास किया जा रहा है।

गौरतलब है कि 29 जून को रायपुर प्रशासन ने नकटी गांव में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करते हुए करीब 80 मकानों पर बुलडोजर चलाया था। कार्रवाई के बाद कई परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हो गए। इस घटना को लेकर विपक्ष लगातार भाजपा सरकार पर निशाना साध रहा है।

वहीं, प्रशासन का कहना है कि यह कार्रवाई सरकारी भूमि पर किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाने के लिए की गई थी और पूरी प्रक्रिया नियमानुसार पूरी की गई। नकटी बुलडोजर कार्रवाई को लेकर प्रदेश में राजनीतिक बयानबाजी अभी भी जारी है।






































