KORBA NEWS. कोरबा पुलिस ने बहुचर्चित राज ज्वेलर्स, छुरी लूटकांड का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। मामले का एक अन्य आरोपी अब भी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार, वारदात को अंजाम देने के लिए आरोपियों ने चोरी की मोटरसाइकिल और देशी कट्टे का इस्तेमाल किया था। गिरफ्तार आरोपी पहले भी हत्या, दुष्कर्म और अन्य गंभीर मामलों में जेल जा चुके हैं।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गोपाल सिंह गोंड (38) निवासी घुचापुर और परदेशी राठिया (40) निवासी जिलगा (बरपाली) के रूप में हुई है। वहीं, विष्णु प्रसाद राठिया निवासी कोलगा अभी फरार है। इस मामले में थाना कटघोरा में अपराध क्रमांक 237/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) और आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

ग्राहक बनकर पहुंचे, महिला का भेष बनाकर दिया वारदात को अंजाम
पुलिस के मुताबिक, 1 जुलाई 2026 की दोपहर करीब 1 बजे राज ज्वेलर्स के संचालक राजकुमार अग्रवाल दुकान में अकेले मौजूद थे। तभी बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल पर सवार तीन लोग ग्राहक बनकर दुकान पहुंचे। तीनों ने गमछे से अपना चेहरा ढंक रखा था, जबकि उनमें से एक आरोपी महिला के भेष में था।
चांदी की अंगूठी देखने के बहाने आरोपियों ने दुकानदार को काउंटर तक बुलाया। इसी दौरान एक आरोपी ने दुकान का दरवाजा बंद कर दिया, दूसरे ने देशी कट्टा तान दिया और मिर्च पाउडर डालने का प्रयास किया, जबकि तीसरा बैग में आभूषण भरने लगा। इसी बीच दुकान के बाहर लोगों की भीड़ जुटने लगी, जिससे घबराकर आरोपी मौके पर ही देशी कट्टा और चोरी की मोटरसाइकिल छोड़कर फरार हो गए।

100 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज खंगालकर पुलिस ने पकड़े आरोपी
घटना के बाद पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर विशेष जांच टीम गठित की गई। पुलिस ने 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच की और साइबर तकनीक व मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों की पहचान की। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए जंगल के रास्तों का इस्तेमाल कर रहे थे। पुलिस ने जशपुर, पत्थलगांव, धरमजयगढ़, सीतापुर और अंबिकापुर सहित कई स्थानों पर दबिश देकर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

जेल में बनी दोस्ती, बाहर आकर रची लूट की साजिश
पूछताछ में खुलासा हुआ कि तीनों आरोपी पहले अलग-अलग गंभीर अपराधों में जेल जा चुके थे। जेल में ही उनकी दोस्ती हुई और वहीं रिहाई के बाद बड़ी लूट की वारदात को अंजाम देने की योजना बनाई गई। जेल से बाहर आने के बाद उन्होंने चोरी की मोटरसाइकिल और देशी कट्टे का इंतजाम किया तथा सुनियोजित तरीके से राज ज्वेलर्स में लूट की कोशिश की।
पुलिस ने गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। वहीं फरार आरोपी की तलाश के लिए पुलिस की टीम लगातार दबिश दे रही है।






































