BILASPUR NEWS. खुद को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) का अधिकारी बताकर रेलवे में नौकरी दिलाने का झांसा देने वाले एक दंपती के खिलाफ सरकंडा पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। आरोप है कि दंपती ने एक युवक से नौकरी लगवाने के नाम पर 3.14 लाख रुपये वसूल लिए। नौकरी नहीं मिलने पर आरोपी बहाने बनाते रहे और बाद में दुकान दिलाने का प्रस्ताव देने लगे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, चिंगराजपारा निवासी विष्णु नारायण महतो की शिकायत पर राहुल मिश्रा उर्फ राहुल भारद्वाज और उसकी पत्नी पद्मा जनार्दन के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) और 3(5) के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।

शिकायतकर्ता ने बताया कि कुछ वर्ष पहले मोहल्ले के एक मंदिर में परिचित के माध्यम से उसकी मुलाकात राहुल मिश्रा से हुई थी। राहुल ने खुद को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) का अधिकारी बताते हुए ऊंचे अधिकारियों से पहचान होने का दावा किया और रेलवे में नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाया।

आरोप है कि दिसंबर 2023 में राहुल ने नौकरी लगवाने के नाम पर पहले 2.50 लाख रुपये मांगे और बाद में अलग-अलग किश्तों में कुल 3 लाख 14 हजार 600 रुपये ले लिए। इसमें 84 हजार रुपये नकद और शेष राशि ऑनलाइन उसकी पत्नी के बैंक खाते में जमा कराई गई। आरोपी ने पीड़ित की शैक्षणिक प्रमाण-पत्र भी अपने पास रख लिए और लगातार नियुक्ति का भरोसा देता रहा।

जब लंबे समय तक नौकरी नहीं मिली तो पीड़ित ने पैसे वापस मांगे। इस पर आरोपी ने रेलवे की नौकरी के बजाय पुराने बस स्टैंड क्षेत्र में दुकान दिलाने का नया प्रस्ताव रखा। इससे पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ और उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि राहुल भारद्वाज ने रेलवे में नौकरी और नगर निगम की दुकान दिलाने का झांसा देकर कई अन्य लोगों से भी लाखों रुपये वसूले हैं। सरकंडा पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी दंपती ने कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है।





































