RAIGHAR NEWS. रायगढ़ जिले के लैलूंगा थाना क्षेत्र में एक शासकीय महाविद्यालय के प्रोफेसर पर पड़ोस में रहने वाली युवती ने गंभीर आरोप लगाते हुए सार्वजनिक रूप से थप्पड़ जड़ दिए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है। युवती का आरोप है कि प्रोफेसर पिछले डेढ़ साल से उसे अश्लील मैसेज भेजकर अनैतिक संबंध बनाने का दबाव बना रहे थे।

जानकारी के अनुसार, आरोपी प्रोफेसर रेमन भार्गव शासकीय महाविद्यालय कुंजारा में पदस्थ हैं। पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि प्रोफेसर व्हाट्सएप और टेलीग्राम के जरिए लगातार आपत्तिजनक संदेश भेजते थे और मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे।

युवती ने बताया कि लगातार हो रही कथित हरकतों से परेशान होकर वह 1 जुलाई को अपने मंगेतर के साथ प्रोफेसर के घर पहुंची। दोनों के बीच पहले कहासुनी हुई, जिसके बाद युवती ने गुस्से में प्रोफेसर का कॉलर पकड़कर थप्पड़ मार दिए। मौके पर मौजूद लोगों ने घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

वायरल वीडियो में युवती प्रोफेसर को फटकार लगाते हुए अपनी शादी का हवाला देती दिखाई दे रही है। घटना के दौरान प्रोफेसर की पत्नी भी मौके पर मौजूद थीं और बीच-बचाव करती नजर आईं।
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि प्रोफेसर ने उसके अलावा अन्य छात्राओं और युवतियों को भी परेशान किया है। उसने ऐसे मामलों से प्रभावित अन्य लड़कियों से आगे आने की अपील करते हुए आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

वहीं, शासकीय महाविद्यालय कुंजारा के प्राचार्य एम.एल. पटेल ने कहा कि घटना कॉलेज परिसर की नहीं बल्कि प्रोफेसर के निजी जीवन से जुड़ी है। कॉलेज प्रबंधन को इस संबंध में अब तक कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर नियमानुसार उच्च शिक्षा विभाग को भेजकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
लैलूंगा थाना प्रभारी गिरधारी साव ने बताया कि युवती ने प्रोफेसर के खिलाफ लिखित शिकायत दी थी, लेकिन बाद में दोनों पक्षों के बीच आपसी समझौता हो गया। इसके चलते फिलहाल पुलिस ने आगे कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की है। हालांकि, वायरल वीडियो के कारण मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।






































