SAKTI NEWS. छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के जोंगरा गांव में शुक्रवार सुबह दिनदहाड़े हुई सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने घर में घुसकर 25 वर्षीय पूर्णिमा चौहान की बेहद करीब से तीन गोलियां मारकर हत्या कर दी। गोली लगते ही युवती मौके पर लहूलुहान होकर गिर पड़ी। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया, जबकि पुलिस ने जिलेभर में नाकेबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे बिना नंबर की बाइक पर सवार दो युवक पूर्णिमा चौहान के घर पहुंचे। दोनों ने अपने चेहरे सफेद गमछे से ढंक रखे थे। एक आरोपी घर के भीतर घुस गया, जबकि दूसरा बाहर बाइक स्टार्ट कर निगरानी करता रहा। अंदर पहुंचे बदमाश ने परिजनों से पूर्णिमा के बारे में पूछा। जैसे ही पूर्णिमा अपने कमरे से बाहर आई, आरोपी ने उस पर ताबड़तोड़ तीन राउंड फायरिंग कर दी। गोलियां उसके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में लगीं।

अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत
गोलियों की आवाज सुनकर परिजन बाहर पहुंचे तो पूर्णिमा खून से लथपथ जमीन पर पड़ी थी। सूचना मिलते ही डायल-112 और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची तथा गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

दो साल से मायके में रह रही थी पूर्णिमा
पुलिस के अनुसार, पूर्णिमा चौहान की शादी रायगढ़ जिले में हुई थी, लेकिन वैवाहिक संबंध टूटने के बाद वह पिछले दो वर्षों से अपने मायके जोंगरा गांव में रह रही थी। वह पंजाब स्थित एक निजी कंपनी में पिछले चार वर्षों से सेल्स का काम करती थी। घटना के समय वह घर पर ही मौजूद थी।
फॉरेंसिक टीम जुटी, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, फॉरेंसिक एक्सपर्ट और पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए गए हैं। पुलिस ने जिले के संभावित मार्गों पर नाकेबंदी कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। साथ ही संदिग्ध लोगों से पूछताछ भी जारी है।

एसपी बोले— जल्द गिरफ्त में होंगे आरोपी
सक्ती के पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर ने बताया कि शुरुआती जांच में कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं और संदिग्धों की पहचान की दिशा में पुलिस तेजी से काम कर रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही इस अंधे कत्ल का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।






































