KATGHORA NEWS. अंबिकापुर प्रवास के दौरान कटघोरा पहुंचे भिलाई विधायक और कांग्रेस नेता देवेंद्र यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए प्रदेश में कानून-व्यवस्था, बेरोजगारी और महंगाई के मुद्दों को लेकर सरकार को घेरा। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में अपराध लगातार बढ़ रहे हैं और आम जनता खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है।

युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा स्वागत के बाद मीडिया से चर्चा में यादव ने कहा कि प्रदेश में हत्या, लूट, दुष्कर्म और आगजनी जैसी घटनाएं बढ़ रही हैं, जबकि सरकार वास्तविक समस्याओं के समाधान के बजाय आंकड़ों के सहारे अपनी उपलब्धियां गिनाने में लगी है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने में विफल रही है।

विधायक यादव ने कहा कि प्रदेश के युवा रोजगार के लिए भटक रहे हैं और सरकार के पास रोजगार सृजन की कोई ठोस योजना नहीं है। उन्होंने महंगाई को भी बड़ा मुद्दा बताते हुए कहा कि गैस, पेट्रोल-डीजल समेत रोजमर्रा की वस्तुओं की बढ़ती कीमतों से आम लोगों की परेशानी बढ़ी है। किसान, मजदूर और व्यापारी सभी वर्ग प्रभावित हैं।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता के मुद्दों पर संघर्ष जारी रखेगी। राहुल गांधी के नेतृत्व में पार्टी जल, जंगल और जमीन से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाएगी। आदिवासी, दलित और पिछड़े वर्गों के अधिकारों की रक्षा के लिए कांग्रेस सड़क से लेकर सदन तक आवाज बुलंद करेगी।

कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए देवेंद्र यादव ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता के बीच जाकर उनकी समस्याएं सुनेगी और सरकार की नीतियों को लेकर लगातार सवाल उठाएगी। साथ ही दावा किया कि आगामी चुनावों में जनता बदलाव का निर्णय लेगी।






































