JALAUN NEWS उत्तर प्रदेश के जालौन जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। कोंच कोतवाली क्षेत्र के नया पटेल नगर मोहल्ले में एक पति पर अपनी 22 वर्षीय पत्नी को जिंदा जलाने की कोशिश करने का आरोप लगा है। गंभीर रूप से झुलसी महिला का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है, जहां उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, महक की शादी करीब सवा साल पहले बाबू जी हरिकृष्ण नामक युवक से हुई थी। महक के परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से पति के दूसरी महिलाओं से संपर्क को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। इस मुद्दे को लेकर कई बार कहासुनी और झगड़े की नौबत भी आई।

बताया जा रहा है कि रविवार शाम को इसी बात को लेकर दोनों के बीच फिर विवाद हुआ। आरोप है कि गुस्से में पति ने महक को कमरे में बंद कर दिया और उस पर मिट्टी का तेल छिड़ककर आग लगा दी। महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह आग बुझाकर उसे अस्पताल पहुंचाया।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता के परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस मामले के सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है। क्षेत्राधिकारी परमेश्वर प्रसाद ने बताया कि मामला बेहद गंभीर है और जांच के बाद आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।







































