MUNGELI NEWS. जिले के सरगांव क्षेत्र स्थित रामबोड़ के कुसुम स्मेल्टर्स प्राइवेट लिमिटेड में मेंटेनेंस कार्य के दौरान गुरुवार सुबह एक औद्योगिक दुर्घटना हो गई। हादसे में तीन कर्मचारी गर्म स्पंज आयरन की चपेट में आकर आंशिक रूप से झुलस गए। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत अब स्थिर और खतरे से बाहर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, 18 जून की सुबह करीब 7 बजे प्लांट में नियमित मेंटेनेंस का कार्य चल रहा था। इसी दौरान कीलन डिस्चार्ज गेट जाम हो जाने के कारण उसकी मरम्मत की जा रही थी। मरम्मत के दौरान अचानक गेट खुल गया, जिससे भीतर मौजूद गर्म स्पंज आयरन की तीव्र गर्मी बाहर निकली और वहां काम कर रहे तीन कर्मचारी इसकी चपेट में आ गए।

तीन राज्यों के कर्मचारी घायल
घायलों की पहचान अमित कुमार निवासी औरंगाबाद (बिहार), योगेश मीणा निवासी होशंगाबाद (मध्य प्रदेश) और अमरेश दत्ता निवासी बालेश्वर (ओडिशा) के रूप में हुई है। घटना के तुरंत बाद कंपनी प्रबंधन ने एम्बुलेंस की व्यवस्था कर सभी को उपचार के लिए अपोलो अस्पताल पहुंचाया। इनमें से अमित कुमार को बेहतर इलाज के लिए रायपुर के कालड़ा अस्पताल रेफर किया गया है।

मौके पर पहुंचा प्रशासन, अस्पताल में ली जानकारी
घटना की सूचना मिलते ही औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग तथा जिला प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और राहत एवं उपचार व्यवस्थाओं का जायजा लिया। प्रशासनिक टीम ने अस्पताल पहुंचकर घायलों के स्वास्थ्य की भी जानकारी ली।
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार तीनों कर्मचारियों की स्थिति सामान्य और स्थिर है तथा वे खतरे से बाहर हैं।

हादसे के कारणों की होगी विस्तृत जांच
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच नियमानुसार संबंधित विभाग द्वारा की जा रही है। साथ ही घायलों के उपचार और आवश्यक सहायता पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।






































