BILASPUR NEWS. बिलासपुर रेल मंडल से गुजरने वाली ट्रेनों में यात्रियों से कथित अवैध वसूली और अभद्र व्यवहार को लेकर किन्नर समुदाय के दो गुटों के बीच विवाद खुलकर सामने आ गया है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो के बाद यह विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष पुलिस थाने में ही आमने-सामने आ गए और जमकर हंगामा हुआ।

जानकारी के अनुसार, वायरल वीडियो में कुछ किन्नर ट्रेन के कोच में यात्रियों के बीच आपत्तिजनक हरकतें करते और पैसे मांगते दिखाई दे रहे हैं। आरोप है कि पैसे देने से इनकार करने पर यात्रियों के साथ गाली-गलौज और दुर्व्यवहार भी किया गया। वीडियो सामने आने के बाद बिलासपुर में सक्रिय ‘राजा किन्नर’ और ‘रजिया किन्नर’ गुट के बीच पुराना विवाद फिर भड़क उठा।

रेल रूट पर कब्जे को लेकर बढ़ा टकराव
बताया जा रहा है कि दोनों गुट अलग-अलग रेल मार्गों पर सक्रिय हैं। राजा किन्नर गुट के सदस्य कोटा-पेंड्रा रोड रूट की ट्रेनों में जबकि रजिया किन्नर गुट के सदस्य बिलासपुर, बिल्हा, रायपुर और रायगढ़ रूट पर यात्रियों से पैसे मांगते हैं। इन्हीं रूटों पर वर्चस्व और हिस्सेदारी को लेकर लंबे समय से तनाव बना हुआ है।

शिकायत लेकर पहुंचे, थाने में ही भिड़ गए
बुधवार को दोनों गुटों के मुखिया अपने समर्थकों के साथ शिकायत लेकर तोरवा थाना पहुंचे थे। यहां बातचीत के दौरान दोनों पक्षों में तीखी बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते माहौल गर्मा गया और पुलिस की मौजूदगी में ही गाली-गलौज तथा हंगामे की स्थिति बन गई। काफी देर तक थाना परिसर में तनाव बना रहा।

वीडियो को बताया पुराना
वायरल वीडियो को लेकर किन्नर पूजा ने सफाई देते हुए कहा कि यह करीब चार महीने पुराना वीडियो है, जिसे आपसी रंजिश के चलते दोबारा वायरल कर उन्हें बदनाम करने की कोशिश की जा रही है।

पुलिस ने दोनों पक्षों पर की कार्रवाई
स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को शांत कराया। बाद में दोनों गुटों के बीच समझौता हो गया, लेकिन कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है।
ASP (सिटी) पंकज पटेल ने बताया कि शिकायत लेकर दोनों पक्ष थाने पहुंचे थे। बाद में समझौता हो गया, फिर भी शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से दोनों पक्षों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है।





































