CHHATTISGARH POLICE TRANSFER रायपुर। छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के खात्मे के बाद पुलिस मुख्यालय ने बड़ा फेरबदल किया है। नक्सल प्रभावित बस्तर संभाग के विभिन्न जिलों में लंबे समय से तैनात 61 पुलिस निरीक्षकों का तबादला कर उन्हें प्रदेश के मैदानी जिलों में नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी सूची के अनुसार बस्तर, सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, नारायणपुर और कांकेर जैसे नक्सल प्रभावित जिलों में सेवाएं दे रहे निरीक्षकों को रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, रायगढ़, कोरबा, जांजगीर-चांपा समेत अन्य जिलों में पदस्थ किया गया है।

माना जा रहा है कि लंबे समय तक नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सेवाएं देने वाले अधिकारियों को राहत देने और पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से यह प्रशासनिक निर्णय लिया गया है।

बस्तर संभाग में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और नक्सल नेटवर्क पर प्रभावी कार्रवाई में इन निरीक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। अब उनके स्थानांतरण के बाद संबंधित जिलों में नई पदस्थापनाओं और कार्यभार ग्रहण करने की प्रक्रिया जल्द शुरू होने की संभावना है। विभागीय स्तर पर इसे एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक फेरबदल माना जा रहा है।










































