JALAUN NEWS : जालौन : जिले के उरई के कोतवाली क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर अजनारी ओवरब्रिज के पास बुधवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब गुजरात से आजमगढ़ जा रही एक बलेनो कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार की रफ्तार करीब 100 किलोमीटर प्रति घंटा थी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

जानकारी के अनुसार आजमगढ़ जिले के रौनापार थाना क्षेत्र के ग्राम बेलकुंडा निवासी अखिलेश विश्वकर्मा (50) अपने मित्र ब्रजराज यादव (45), पत्नी जीरा देवी (46) तथा पुत्र अभय (24) और अनुराग (21) के साथ गुजरात के दादरा एवं नगर हवेली से आजमगढ़ जा रहे थे। सभी लोग जीयनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सालेपुर में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए निकले थे।

बुधवार दोपहर अजनारी ओवरब्रिज के पास पहुंचते ही चालक कार से नियंत्रण खो बैठा और वाहन डिवाइडर से जा टकराया। हादसे में अखिलेश विश्वकर्मा और ब्रजराज यादव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि जीरा देवी, अभय और अनुराग गंभीर रूप से घायल हो गए।

सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को वाहन से बाहर निकालकर एंबुलेंस के जरिए राजकीय मेडिकल कॉलेज उरई भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।

दुर्घटना के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। बाद में क्रेन की सहायता से क्षतिग्रस्त वाहन को हटाकर यातायात सामान्य कराया गया।
खुशियों के सफर में छाया मातम
परिजनों के मुताबिक सभी लोग अखिलेश की बहन के यहां आयोजित शादी समारोह में शामिल होने के लिए जा रहे थे। परिवार खुशियों के माहौल में सफर कर रहा था, लेकिन रास्ते में हुए इस हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। मृतक अखिलेश और ब्रजराज गुजरात में रहकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। घटना के बाद दोनों परिवारों में शोक की लहर दौड़ गई है।

हादसे की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि करीब 13 फीट लंबी बलेनो कार टक्कर के बाद बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर लगभग सात फीट के ढांचे में सिमट गई। वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया था। मौके पर मौजूद लोगों का कहना था कि कार की हालत देखकर ही दुर्घटना की भयावहता का अनुमान लगाया जा सकता था।
सीओ सिटी राजीव कुमार ने बताया कि कार के डिवाइडर से टकराने के कारण यह हादसा हुआ। दुर्घटना में दो लोगों की मौत हुई है, जबकि घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है।





































