RAIPUR NEWS: रायपुर। मंदिर हसौद थाना क्षेत्र में 10 लाख रुपये की लूट के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वारदात के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। जांच में सामने आया है कि आरोपी कंस्ट्रक्शन कंपनी का कर्मचारी है और उसने ही लूट की पूरी साजिश रची थी।

पुलिस के मुताबिक, सेरीखेड़ी से नवा रायपुर मार्ग पर ठेकेदार के अकाउंटेंट से 10 लाख रुपये की लूट की घटना को अंजाम दिया गया था। मामले की जांच के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिसके आधार पर एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया।

प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि गिरफ्तार आरोपी कंस्ट्रक्शन कंपनी में कार्यरत था और उसे रकम के आवागमन की पूरी जानकारी थी। इसी जानकारी का फायदा उठाकर उसने अपने साथियों के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई थी।

फिलहाल मामले में शामिल अन्य तीन आरोपियों की तलाश जारी है। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

मामले की जांच मंदिर हसौद थाना पुलिस और क्राइम यूनिट की संयुक्त टीम द्वारा की जा रही है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद मामले से जुड़े अन्य पहलुओं का भी खुलासा हो सकता है।






































