JALAUN NEWS: उत्तर प्रदेश के जालौन में बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर रविवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में एक ट्रक क्लीनर की दर्दनाक मौत हो गई। तेज रफ्तार डंपर ने सड़क किनारे खड़े ट्रक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि ट्रक का पिछला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार क्लीनर वाहन के केबिन में फंस गया।

सड़क किनारे खड़े ट्रक में मारी टक्कर
जानकारी के मुताबिक, जालौन कोतवाली क्षेत्र के ग्राम छिरिया सलेमपुर के पास बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या-208 पर एक ट्रक सड़क किनारे खड़ा था। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने ट्रक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

केबिन में फंसा क्लीनर, अस्पताल में मौत
हादसे में ट्रक क्लीनर छोटू उर्फ अरुण कुमार (22), निवासी ग्राम भोजला, जिला झांसी गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर के बाद वह केबिन में बुरी तरह फंस गया। सूचना पर पहुंची पुलिस और राहत टीम ने काफी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जालौन पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

डंपर चालक वाहन छोड़कर फरार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना के तुरंत बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। फरार चालक की तलाश की जा रही है।

एक्सप्रेसवे पर लगा लंबा जाम
हादसे के बाद बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर लंबा जाम लग गया, जिससे यातायात काफी देर तक प्रभावित रहा। यूपीडा और पुलिस की टीम क्रेन की सहायता से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाने और यातायात बहाल करने में जुटी रही।

परिवार में मचा कोहराम
युवक की मौत की खबर मिलते ही उसके परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और फरार डंपर चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


































