JHANSI NEWS: उत्तर प्रदेश के झांसी में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का दुरुपयोग कर एक युवती की शादी तुड़वाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि एक युवक ने युवती की फर्जी अश्लील तस्वीरें बनाकर उसके मंगेतर को भेज दीं, जिसके बाद रिश्ता टूट गया। अब आरोपी युवती और उसके परिवार को लगातार धमकियां दे रहा है।

7 जून को हुई थी सगाई
प्रेमनगर थाना क्षेत्र के रहने वाले एक व्यक्ति ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उन्होंने अपनी बेटी की शादी तय की थी। दोनों परिवारों की सहमति से 7 जून को गोद भराई (सगाई) की रस्म भी संपन्न हुई थी। परिवार इस नए रिश्ते से बेहद खुश था।

इंस्टाग्राम पर संपर्क कर भेजीं आपत्तिजनक तस्वीरें
पीड़ित पिता के अनुसार, सगाई के अगले ही दिन 8 जून को सुम्मेर नगर निवासी अंश ने युवती के होने वाले पति से इंस्टाग्राम के जरिए संपर्क किया। आरोपी ने युवती के बारे में भ्रामक और आपत्तिजनक बातें कहीं। इसके बाद AI तकनीक की मदद से तैयार की गई अश्लील तस्वीरें मंगेतर को भेज दीं।

शादी करने पर गोली मारने की दी धमकी
आरोप है कि अंश ने मंगेतर को धमकाते हुए कहा कि यदि उसने युवती से शादी की तो उसे गोली मार दी जाएगी। इन तस्वीरों और धमकियों के कारण मंगेतर ने शादी से इंकार कर दिया और रिश्ता टूट गया।

युवती के पिता को भी दे रहा धमकी
शादी टूटने के बाद आरोपी ने युवती के पिता को फोन कर धमकाया। उसने कहा कि यदि उसकी शादी युवती से नहीं कराई गई तो वह उसकी हत्या कर देगा और खुद भी आत्महत्या कर लेगा। लगातार मिल रही धमकियों से पूरा परिवार भय और तनाव में है।

पहले से थी जान-पहचान
पुलिस के मुताबिक, आरोपी अंश युवती के घर के पास किराए के मकान में रहता था। इसी वजह से दोनों के बीच जान-पहचान हो गई थी और फोन पर बातचीत भी होती थी। पुलिस का मानना है कि आरोपी इसी पहचान का फायदा उठाकर युवती पर दबाव बना रहा था।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
प्रेमनगर थाना प्रभारी तुलसीराम पांडेय ने बताया कि युवती के पिता की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी की गिरफ्तारी की जाएगी।





































