DHAMTARI NEWS: धमतरी जिले में पुलिस अभिरक्षा से गांजा तस्करी का आरोपी फरार होने के मामले में बड़ा एक्शन लिया गया है। पुलिस अधीक्षक ने ड्यूटी में लापरवाही बरतने पर एक उप निरीक्षक और तीन आरक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। वहीं फरार आरोपी को दोबारा गिरफ्तार कर लिया गया है।

क्या हुआ था मामला?
सिहावा थाना क्षेत्र में दो दिन पहले पुलिस ने सांकरा नाका के पास कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी के आरोप में तीन आरोपियों को पकड़ा। उनके कब्जे से करीब 18 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया और एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई शुरू की गई। गिरफ्तारी के बाद आरोपियों को मेडिकल परीक्षण के लिए अस्पताल ले जाया गया।

अस्पताल में हुआ फरार
मेडिकल परीक्षण के दौरान नागपुर निवासी पलास भजभिए पुलिसकर्मियों को चकमा देकर फरार हो गया। पुलिस अभिरक्षा से आरोपी के भागने की खबर मिलते ही विभाग में हड़कंप मच गया और उसकी तलाश के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया। संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई और लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया गया।

लापरवाही पर तत्काल कार्रवाई
मामले को गंभीरता से लेते हुए धमतरी पुलिस अधीक्षक ने घटना की समीक्षा की। जांच में ड्यूटी के दौरान लापरवाही सामने आने पर उप निरीक्षक सोमचंद डहरिया तथा आरक्षक हिमेश नेताम, अजय नेताम और डिगेश्वरी साहू को तत्काल निलंबित कर दिया गया। यह कार्रवाई पुलिस अभिरक्षा में सुरक्षा व्यवस्था में चूक के कारण की गई।

फिर पकड़ा गया फरार आरोपी
पुलिस की लगातार घेराबंदी और तलाश अभियान सफल रहा और पलास भजभिए को पांच घंटे बाद दोबारा गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अब उससे पूछताछ कर रही है और पूरे मामले की विस्तृत जांच जारी है। साथ ही यह देखा जा रहा है कि आरोपी किस तरह निगरानी से बाहर निकलने में सफल हुआ और सुरक्षा व्यवस्था में कहां चूक हुई।







































