JAGDALPUR NEWS. जगदलपुर स्थित मेडिकल कॉलेज डिमरापाल (मेकाज) में एक दुर्लभ मामला सामने आया है, जहां ओडिशा की 25 वर्षीय महिला ने सिजेरियन ऑपरेशन के जरिए 5.09 किलोग्राम वजनी स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया। मेकाज के इतिहास में पहली बार 5 किलोग्राम से अधिक वजन वाले नवजात के जन्म का मामला दर्ज हुआ है।

जानकारी के अनुसार, ओडिशा के भन्सुली गांव निवासी बांसुडी (25), पत्नी सौदा, सोमवार सुबह अचानक प्रसव पीड़ा से परेशान हो गईं। परिजन उन्हें नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज डिमरापाल रेफर कर दिया। दोपहर करीब तीन बजे उन्हें मेकाज में भर्ती कराया गया।

रात के समय प्रसव पीड़ा बढ़ने पर डॉक्टरों ने सिजेरियन ऑपरेशन करने का निर्णय लिया। ऑपरेशन सफल रहा और महिला ने 5.09 किलोग्राम वजनी पुत्र को जन्म दिया। मां की स्थिति सामान्य है और उन्हें अस्पताल के वार्ड में भर्ती रखा गया है।

वहीं, नवजात को एहतियातन 24 घंटे के लिए एनआईसीयू में ऑब्जर्वेशन पर रखा गया है। चिकित्सकों के अनुसार बच्चा पूरी तरह स्वस्थ है, लेकिन शुगर स्तर सहित अन्य स्वास्थ्य मानकों की निगरानी की जा रही है।

5 किलो से अधिक वजन वाले बच्चे के जन्म की जानकारी मिलते ही डॉक्टरों और अस्पताल स्टाफ में उत्सुकता बढ़ गई। चिकित्सक महिला की मेडिकल हिस्ट्री की भी जांच कर रहे हैं। फिलहाल यह नवजात मेकाज में चर्चा का विषय बना हुआ है।




































