JHANSI NEWS: झांसी। उत्तर प्रदेश के झांसी जिले के बड़ागांव थाना क्षेत्र के बराठा गांव में बुधवार शाम एक दर्दनाक हादसे में 9 वर्षीय बालक की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि घर के अंदर खेलते समय झूला झूलने के दौरान रस्सी उसके गले में फंस गई, जिससे उसकी जान चली गई।

परिजनों के अनुसार, घटना के समय बच्चे की मां घर के बाहर बैठी थीं, जबकि बच्चा ऋतिक घर के अंदर अकेला खेल रहा था। इसी दौरान उसने पलंग के सहारे रस्सी बांधकर झूला बनाया और झूलने लगा। झूलते समय उसका हाथ छूट गया और रस्सी गले में फंस गई।

परिजनों का कहना है कि रस्सी में फंसने के बाद वह खुद को निकाल नहीं सका और कुछ ही देर में उसकी हालत गंभीर हो गई। जब मां घर के अंदर पहुंचीं तो बच्चा रस्सी में फंसा हुआ मिला। उन्होंने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बच्चे को नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

मृतक ऋतिक डीएवी स्कूल में कक्षा दो का छात्र था और उसके पिता पेट्रोल पंप पर सेल्समैन के रूप में कार्यरत हैं। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया है और गांव में शोक का माहौल है।

सीओ सदर रामवीर सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह मामला हादसा प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है।



































