रायपुर। राजधानी रायपुर के कोर्ट परिसर में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब नियमित पेशी के लिए आए दो सगे भाइयों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि एक भाई ने दूसरे पर चाकू से हमला कर दिया। घटना कोर्ट भवन की चौथी मंजिल पर हुई, जिससे वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी और घायल दोनों आपस में सगे भाई हैं। किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। इसी दौरान एक भाई ने चाकू निकालकर दूसरे पर हमला कर दिया। हमले में घायल युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया, जिसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
घटना के बाद कोर्ट परिसर में मौजूद वकीलों और अन्य लोगों ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। वहीं घायल को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक दोनों भाई किसी मामले में नियमित पेशी के लिए कोर्ट आए थे। फिलहाल पुलिस विवाद की वजह और घटना के अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।




































