TAKHATPUR NEWS. छत्तीसगढ़ में चल रहे सुशासन तिहार के दौरान बिलासपुर जिले के तखतपुर नगर पालिका क्षेत्र में एक अनोखी मांग चर्चा का विषय बन गई। वार्ड क्रमांक 3 में आयोजित समाधान शिविर में पहुंचे एक ग्रामीण ने शराब की बोतलों पर भी मुख्यमंत्री और आबकारी मंत्री की तस्वीर लगाने की मांग कर दी।


जानकारी के अनुसार, ग्रामीण परमेश्वर सिंह ठाकुर ने आवेदन देकर कहा कि सरकार की विभिन्न योजनाओं और सामग्रियों में मुख्यमंत्री एवं संबंधित मंत्रियों की तस्वीरें लगाई जाती हैं। ऐसे में शराब की बोतलों पर भी मुख्यमंत्री और आबकारी मंत्री की फोटो लगाई जानी चाहिए।


ग्रामीण की इस मांग के बाद शिविर में मौजूद लोग भी हैरान रह गए और क्षेत्र में इसको लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। अधिकारियों ने आवेदन मिलने की पुष्टि करते हुए कहा है कि इसे नियमानुसार वरिष्ठ अधिकारियों को भेजा जाएगा।
फिलहाल यह अनोखा आवेदन इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।




































