BILASPUR NEWS. हाईवे किनारे खड़े ट्रकों और ट्रेलरों को निशाना बनाकर डीजल चोरी और लूट की वारदातों को अंजाम देने वाले एक अंतरजिला गिरोह का बिलासपुर पुलिस ने पर्दाफाश किया है। गिरोह के सदस्य सुनसान जगहों पर खड़े भारी वाहनों के ड्राइवरों को डराते-धमकाते, मारपीट करते और टैंक से डीजल निकालकर फरार हो जाते थे। मामले में पुलिस ने तीन सक्रिय आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि गिरोह का मास्टरमाइंड समेत 12 से अधिक सदस्य अब भी फरार बताए जा रहे हैं।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल होने वाली स्कार्पियो, ट्राइबर कार, धारदार चाकू, नगदी और चोरी का डीजल जब्त किया है। पुलिस का दावा है कि गिरोह लंबे समय से प्रदेश के कई जिलों में सक्रिय था और हाईवे पर खड़े ट्रक चालकों के लिए दहशत का कारण बन चुका था।

सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से पुलिस ने बिछाया जाल
एसएसपी रजनेश सिंह ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि बीते कुछ समय से जिले में डीजल चोरी और लूट की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इसके बाद एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) तथा सिरगिट्टी थाना पुलिस की संयुक्त टीम गठित कर जांच शुरू की गई।
टीम ने हाईवे और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, तकनीकी साक्ष्य जुटाए और संदिग्धों की गतिविधियों पर नजर रखी। पुख्ता जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने जाल बिछाकर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

जांजगीर-चांपा के रहने वाले हैं आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जांजगीर-चांपा जिले के बलौदा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बगडबरी निवासी संजय कुमार कुर्रे (30), मणिशंकर कुर्रे (24) और अमित भारद्वाज (29) के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने बिलासपुर सहित कई जिलों में डीजल चोरी और लूट की वारदातों को अंजाम देना कबूल किया है।
पेट्रोल पंप और ढाबों तक पहुंचता था चोरी का डीजल
पूछताछ में यह भी सामने आया कि गिरोह का मास्टरमाइंड चोरी के डीजल की खपत के लिए पेट्रोल पंप संचालकों और कुछ ढाबा संचालकों से संपर्क में था। आरोपियों द्वारा चोरी किया गया डीजल कम कीमत पर सप्लाई किया जाता था। ग्रामीण इलाकों में ट्रैक्टर और हार्वेस्टर मालिकों को भी बाजार मूल्य से कम दर पर डीजल बेचे जाने की जानकारी सामने आई है।

इन वारदातों में आया नाम
18 मई: सिरगिट्टी क्षेत्र में खड़े वाहन से डीजल चोरी के दौरान चालक से मारपीट।
24 मई: कोनी क्षेत्र में ट्रेलर का टैंक तोड़कर करीब 100 लीटर डीजल चोरी।
28 मार्च: सेंदरी हाईवे के पास ट्रेलर से लगभग 270 लीटर डीजल चोरी।
8 जिलों में फैला था नेटवर्क
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरोह बिलासपुर के अलावा बेमेतरा, बलौदाबाजार, कवर्धा, महासमुंद, रायगढ़, कोरबा और जांजगीर-चांपा सहित कई जिलों में सक्रिय था। गिरोह में अलग-अलग जिलों के सदस्य शामिल थे और वारदात के बाद वे तेजी से जिला बदल लेते थे।

फरार आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक गिरोह का मास्टरमाइंड समेत 12 से अधिक आरोपी अभी फरार हैं। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उनकी पहचान कर ली गई है, लेकिन जांच प्रभावित न हो इसलिए फिलहाल नाम सार्वजनिक नहीं किए गए हैं। पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है।



































