BEMETARA NEWS. आज के दौर में जहां छोटी-छोटी बातों पर भरोसा टूट जाता है, वहीं बेमेतरा जिले से ईमानदारी और इंसानियत की एक प्रेरणादायक कहानी सामने आई है। स्थानीय निवासी एवं वरिष्ठ पत्रकार आनंद साहू ने सड़क किनारे लावारिस हालत में मिले लाखों रुपये के जेवर और नगदी से भरे बैग को पूरी निष्ठा के साथ पुलिस के सुपुर्द कर मिसाल पेश की है। उनकी इस सराहनीय पहल की पूरे जिले में जमकर प्रशंसा हो रही है।

जानकारी के अनुसार, आनंद साहू रोजाना की तरह मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। इसी दौरान शहर के सिग्नल चौक स्थित एक दुकान के पास उन्हें काले रंग का बैग संदिग्ध अवस्था में पड़ा दिखाई दिया। जब उन्होंने बैग खोलकर देखा तो उसमें सोने के आभूषण और करीब 40 हजार रुपये नकद मौजूद थे।

स्थिति की गंभीरता को समझते हुए आनंद साहू ने बिना किसी देरी के बैग को बेमेतरा सिटी कोतवाली थाना पहुंचाकर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए जांच शुरू की, जिसमें पता चला कि बैग ग्राम अमोरा निवासी ज्वेलरी निर्माता विजय कुमार सोनी का है।

बताया जा रहा है कि विजय कुमार सोनी रात में दुकान बंद कर अपने भाई से मिलने गए थे। इसी दौरान रास्ते में उनका बैग गिर गया था। बैग में करीब 20 तोला सोना और 40 हजार रुपये नगद रखे हुए थे। बैग सुरक्षित मिलने की खबर मिलते ही व्यवसायी और उनके परिवार ने राहत की सांस ली।

इस घटना के बाद आनंद साहू की ईमानदारी और सामाजिक जिम्मेदारी की पूरे बेमेतरा जिले में चर्चा हो रही है। लोग उनकी इस पहल को इंसानियत, नैतिक मूल्यों और भरोसे की मिसाल बता रहे हैं।



































