RAIPUR NEWS. रायपुर में साइबर ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। रायपुर उत्तर से भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा को ठगों ने फोन कर अपने जाल में फंसा लिया। आरोपी ने खुद को भाजपा के वरिष्ठ नेता नितिन नवीन का निजी सहायक बताया और तत्काल डीजल डलवाने का हवाला देकर 10 हजार रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर करवा लिए। मामले की शिकायत मिलने के बाद खम्हारडीह थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

साइबर टीम मोबाइल नंबर, बैंक खाते और ट्रांजेक्शन डिटेल खंगाल रही है। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने विधायक पुरंदर मिश्रा को कॉल कर कहा कि वह नितिन नवीन का पीए बोल रहा है। उसने बताया कि वाहन में तत्काल डीजल डलवाना है और तुरंत पैसों की जरूरत है। राजनीतिक पहचान और भरोसे का फायदा उठाते हुए आरोपी ने विधायक को विश्वास में ले लिया।

इसके बाद विधायक ने अपने जगन्नाथ मंदिर के सेवक नारायण मिश्रा को पैसे ट्रांसफर करने के निर्देश दिए। आरोपी ने दो अलग-अलग ट्रांजेक्शन में रकम डलवाई। पहले 4500 रुपए और फिर 5500 रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर कराए गए। बताया जा रहा है कि कुछ देर बाद आरोपी ने फिर से पैसों की मांग शुरू कर दी। लगातार रकम मांगने और बातचीत में संदिग्धता महसूस होने पर मामले की पड़ताल की गई।

जांच में पता चला कि कॉल करने वाला व्यक्ति फर्जी पहचान का इस्तेमाल कर ठगी कर रहा था। इसके बाद नारायण मिश्रा ने खम्हारडीह थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस अब आरोपी की लोकेशन और बैंकिंग ट्रेल की जांच में जुटी हुई है।

कांग्रेस ने कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल
इस घटना के बाद कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि प्रदेश में अपराधियों के हौसले बुलंद हो चुके हैं और कानून व्यवस्था लगातार बिगड़ रही है। कांग्रेस ने कहा कि पहले पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक के साथ लूट की घटना हुई थी और अब भाजपा विधायक भी साइबर ठगी का शिकार हो गए। विपक्ष का आरोप है कि इससे साफ है कि अपराधियों में सरकार का डर खत्म हो चुका है।





































