RAIPUR NEWS. रायपुर के पुरानी बस्ती इलाके में एक बार फिर दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। सराफा कारोबारी प्रवाल सोनी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। शुरुआती जांच में पुलिस इसे लंबे समय से चले आ रहे मानसिक तनाव और पारिवारिक सदमे से जोड़कर देख रही है। जानकारी के मुताबिक, प्रवाल सोनी की पुरानी बस्ती में ज्वेलरी शॉप है। करीब 18 साल पहले उनका विवाह तखतपुर निवासी सोना सोनी से हुआ था। दंपती के दो बेटे थे और परिवार सामान्य जिंदगी जी रहा था, लेकिन पिछले साल छोटे बेटे की अचानक मौत के बाद सब कुछ बदल गया।

परिजनों के अनुसार, बच्चे की तबीयत रात में बिगड़ी थी और सुबह उसकी मौत हो गई थी। उस समय शुरुआती तौर पर फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई गई थी, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मौत की परिस्थितियों को लेकर कई सवाल भी उठे थे। बेटे की मौत के कुछ दिन बाद ही प्रवाल सोनी की पत्नी सोना सोनी का शव घर के सबसे ऊपर बने स्टोर रूम में फंदे से लटका मिला था।

उस दौरान मायके पक्ष ने पति पर शराब पीकर मारपीट करने और कुछ संदिग्ध लोगों के संपर्क में रहने जैसे आरोप लगाए थे। यहां तक कि तंत्र-मंत्र से जुड़ी आशंकाएं भी जताई गई थीं। हालांकि पुलिस जांच आत्महत्या की दिशा में ही आगे बढ़ी थी।

पुलिस को उस समय एक पन्ने का सुसाइड नोट भी मिला था, जिसमें सोना सोनी ने लिखा था — “मैं छोटू के पास जा रही हूं…”। साथ ही बड़े बेटे के लिए लिखा गया था कि वह अपने मामा के पास रहे। पुलिस ने सुसाइड नोट की हैंडराइटिंग जांच कराने की बात कही थी। अब एक साल बाद प्रवाल सोनी की आत्महत्या ने पुराने जख्म फिर ताजा कर दिए हैं।

पुलिस का कहना है कि पत्नी और बेटे को खोने के बाद वह लंबे समय से गहरे मानसिक तनाव और अकेलेपन में थे। शुरुआती तौर पर माना जा रहा है कि लगातार टूटते पारिवारिक हालात और सदमे के कारण उन्होंने यह कदम उठाया। फिलहाल पुलिस मर्ग कायम कर मामले की जांच कर रही है।




































