उत्तर प्रदेश: ललितपुर में पुलिस ने एक ऐसे शातिर गिरोह का खुलासा किया है, जो शादी के नाम पर लोगों को ठगने का काम करता था। इस गैंग में शामिल महिलाएं शादी के कुछ समय बाद ही ससुराल पक्ष को नशीला पदार्थ देकर बेहोश कर देती थीं और फिर घर में रखे जेवरात व कीमती सामान लेकर फरार हो जाती थीं।

इस मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें 5 महिलाएं और 3 पुरुष शामिल हैं। एसपी मोहम्मद मुश्ताक के मुताबिक यह गिरोह पूरी योजना के तहत काम करता था। आरोपी पहले बिचौलियों के जरिए रिश्ते तय करवाते थे और फर्जी पहचान के सहारे शादी कराई जाती थी, जिसके बाद वारदात को अंजाम दिया जाता था।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 5 लाख रुपये के जेवरात, मोबाइल फोन और अन्य सामान बरामद किया है। सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है। शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि गिरोह कई जिलों में इस तरह की घटनाओं को अंजाम दे चुका है।

पुलिस अब इस नेटवर्क के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि अब तक कितने लोग इस गिरोह का शिकार बन चुके हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच में जिन-जिन लोगों की संलिप्तता सामने आएगी, उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




































