उत्तर प्रदेश: अमरोहा में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि 2 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा गजरौला थाना क्षेत्र के खियालीपुर ढाल के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से कार सवार लोग हादसे का शिकार हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार, कार में कुल 6 लोग सवार थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मौके पर ही 4 लोगों ने दम तोड़ दिया, जबकि 2 गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
मरने वालों में 3 लोग पश्चिम बंगाल के निवासी बताए जा रहे हैं, जबकि एक मृतक बरेली का रहने वाला है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हादसे के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।





































