झांसी। उत्तर प्रदेश के झांसी में सीपरी बाजार पुलिस ने अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस मामले में एक कथित तांत्रिक समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में हथियार, कारतूस और नकदी बरामद की है।
गिरफ्तार आरोपियों में बॉबी चौहान उर्फ संत दयानंद महाराज भी शामिल है, जो अक्सर भगवा कपड़ों में नजर आता था। उसकी गिरफ्तारी के बाद इलाके में इस मामले की काफी चर्चा हो रही है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के पास से सात अवैध हथियार, 66 कारतूस, 56 खोखे, पांच रामपुरी चाकू और करीब 2.87 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं। सीपरी बाजार पुलिस को अवैध असलहों की खरीद-फरोख्त की सूचना मिली थी, जिसके बाद कार्रवाई करते हुए तीनों को गिरफ्तार किया गया।

सीओ सिटी लक्ष्मीकांत गौतम ने बताया कि जर्मनी अस्पताल के पास रहने वाला मुकेश श्रीवास अपने किरायेदार विवेक चौहान और बॉबी उर्फ संत दयानंद महाराज के साथ मिलकर हथियारों का कारोबार करता था। शनिवार को तीनों आरोपी एसआईसी स्कूल के पास ऑटोमेटिक और सेमी ऑटोमेटिक हथियार बेचने पहुंचे थे, तभी पुलिस ने उन्हें घेराबंदी कर दबोच लिया।
पूछताछ में सामने आया कि बॉबी उर्फ दयानंद और विवेक सगे भाई हैं और पिछले तीन वर्षों से मुकेश के मकान में किराये पर रह रहे थे। पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपी हथियार इकट्ठा कर ऊंची कीमत मिलने पर उन्हें बेचते थे। उनके पास रामपुरी चाकुओं का बड़ा कलेक्शन भी मिला है।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। मामले की जांच जारी है।




































