KAWARDHA NEWS. जिले के चिल्फी थाना क्षेत्र में एक आदिवासी युवती के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है और पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, युवती गुरुवार और शुक्रवार की दरमियानी रात एक परिचित के घर आयोजित ‘छठी’ कार्यक्रम में शामिल होने गई थी। लौटने के दौरान उसके परिचित दो युवकों पर युवती को अपने साथ ले जाकर दुष्कर्म करने का आरोप है। शिकायत के अनुसार, घटना चिल्फी थाना क्षेत्र के रानीदहरा और सरोदा दादर के बीच जंगल इलाके में हुई।


बताया गया कि घटना के बाद युवती किसी तरह मदद लेकर थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए युवती का मेडिकल परीक्षण कराया और जांच शुरू की।

पीड़िता के बयान, उपलब्ध साक्ष्यों और तकनीकी इनपुट्स के आधार पर पुलिस ने दो संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। बाद में दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ संबंधित कानूनी धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है।





































