RAIPUR NEWS. छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में चोरों ने सर्राफा कारोबारी को बड़ा झटका दिया है। शहर के पॉश इलाके शंकर नगर स्थित एक ज्वेलरी दुकान में 10 मई की रात देर रात चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया। बदमाश दुकान से करीब 1 करोड़ रुपये के सोने-चांदी के जेवर लेकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। घटना की सूचना मिलते ही खम्हारडीह थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुंच गई है।

जानकारी के मुताबिक, खम्हारडीह थाना क्षेत्र के शंकर नगर स्थित लक्ष्य ज्वेलर्स को चोरों ने निशाना बनाया। शनिवार और रविवार की दरमियानी रात करीब 12:30 बजे अज्ञात बदमाश दुकान में दाखिल हुए और वहां रखे कीमती जेवरात पार कर दिए। सोमवार सुबह जब दुकान संचालक रोजाना की तरह शोरूम पहुंचा, तब चोरी की जानकारी हुई।

दुकान के भीतर सामान बिखरा मिला और बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के जेवर गायब थे। शुरुआती अनुमान के मुताबिक चोरी गए गहनों की कीमत करीब 1 करोड़ रुपये बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही खम्हारडीह थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुंची।

एफएसएल टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है। पुलिस दुकान और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। राजधानी में हुई इस बड़ी चोरी के बाद सर्राफा कारोबारियों में चिंता बढ़ गई है।

कारोबारियों का कहना है कि पॉश इलाके में इस तरह की वारदात सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और जल्द आरोपियों तक पहुंचने का दावा कर रही है।





































