BILASPUR NEWS. न्यायधानी में साइबर ठग लगातार नए-नए तरीके अपनाकर लोगों को निशाना बना रहे हैं। इस बार सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में एक महिला स्मार्ट मीटर लगाने के नाम पर साइबर ठगी का शिकार हो गई। खुद को बिजली विभाग का कर्मचारी बताने वाले शातिर ठग ने महिला के बैंक खाते से करीब 70 हजार रुपये पार कर दिए।

सिरगिट्टी के बजरंग नगर आवासपारा निवासी सरस्वती देवी, जो गृहणी हैं, का खाता पंजाब नेशनल बैंक की सिरगिट्टी शाखा में है। 17 मार्च को उनके बेटे के मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को बिजली विभाग का अधिकारी बताते हुए कहा कि विभाग की ओर से घर में नया स्मार्ट मीटर लगाया जाना है।

13 रुपये के ट्रांजैक्शन का झांसा
ठग ने प्रक्रिया पूरी करने के लिए 13 रुपये का ऑनलाइन भुगतान करने की बात कही। बातचीत के दौरान उसने चालाकी से एटीएम कार्ड के अंतिम चार अंक पूछ लिए। परिवार को लगा कि यह सामान्य सरकारी प्रक्रिया है, इसलिए जानकारी साझा कर दी गई।
जानकारी मिलते ही आरोपी ने महिला के खाते से दो अलग-अलग ट्रांजैक्शन में कुल 69,998 रुपये निकाल लिए। हैरानी की बात यह रही कि पीड़िता के मोबाइल पर किसी भी प्रकार का मैसेज या अलर्ट नहीं आया।

बैंक स्टेटमेंट से खुली पोल
ठगी का खुलासा तब हुआ जब 8 मई को महिला बैंक पहुंची और खाते का स्टेटमेंट निकलवाया। खाते से बड़ी रकम गायब देखकर परिवार के होश उड़ गए। इसके बाद पीड़िता ने तुरंत सिरगिट्टी थाने में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने दर्ज किया अपराध
सिरगिट्टी पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4) और आईटी एक्ट की धारा 66D के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साइबर सेल की मदद से आरोपी की तलाश की जा रही है।

सावधानी ही बचाव
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बिजली विभाग, बैंक या किसी भी सरकारी संस्था के नाम पर आने वाले फोन कॉल्स से सतर्क रहें। कोई भी विभाग फोन पर एटीएम पिन, ओटीपी या कार्ड संबंधी गोपनीय जानकारी नहीं मांगता। संदिग्ध कॉल आने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 या नजदीकी थाने में शिकायत करें।



































