BILASPUR NEWS. न्यायधानी के सिरगिट्टी थाना क्षेत्र स्थित महिमा नगर में पानी भरने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। पड़ोसियों ने एक ऑटो चालक के घर में घुसकर उस पर टंगिया और गमले से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को उपचार के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक महिमा नगर निवासी शज्जाद अली ऑटो चालक है। बताया जा रहा है कि 7 मई की रात उसके घर का मोटर पंप शॉर्ट सर्किट के कारण अपने आप चालू हो गया था। अगले दिन सुबह जब वह पानी भरने पहुंचा, तब पड़ोसी कुणाल मानिकपुरी और उसके रिश्तेदारों ने रात में बोर चालू करने का आरोप लगाते हुए उससे विवाद शुरू कर दिया।

कुछ देर बाद घर में घुसकर किया हमला
पीड़ित के अनुसार उसने पड़ोसियों को समझाने की कोशिश की कि मोटर उसने चालू नहीं किया था, लेकिन विवाद शांत होने के कुछ देर बाद आरोपी गाली-गलौज करते हुए उसके घर में घुस आए। आरोप है कि हमलावरों ने जान से मारने की धमकी देते हुए शज्जाद पर टंगिया और गमले से ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले में वह गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हो गया।

मारपीट के बाद फैलाई जा रही अफवाह
घायल शज्जाद ने आरोप लगाया है कि घटना के बाद आरोपी पक्ष द्वारा यह अफवाह फैलाई जा रही है कि उसकी पत्नी ने उसके साथ मारपीट की थी, जबकि सच्चाई यह है कि पड़ोसियों ने उस पर हमला किया। पीड़ित ने इन बातों को भ्रामक और निराधार बताया है।

आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
मामले की सूचना मिलते ही सिरगिट्टी पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सिविल लाइन सीएसपी निमितेश सिंह ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी तलाश की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।




































