KORBA NEWS. छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में लगे डिज्नीलैंड मेले में झूला झूलने को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट तक पहुंच गया। मेले के कर्मचारियों ने पति-पत्नी और उनके साथी के साथ जमकर मारपीट की। इस दौरान एक कर्मचारी द्वारा महिला को लात मारने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद पुलिस हरकत में आई और मेला मैनेजर समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया।

जानकारी के मुताबिक, बुधवारी इलाके में 1 मई से डिज्नीलैंड मेले का आयोजन किया गया है। 7 मई को एक पति-पत्नी अपने साथी के साथ मेला घूमने पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि वे ऊंचे झूले में झूलने के बाद एक बार और तेज रफ्तार में झूला चलाने की मांग कर रहे थे। इसी बात को लेकर वहां मौजूद कर्मचारियों और उनके बीच कहासुनी शुरू हो गई।

महिला को लात मारने का VIDEO वायरल
विवाद इतना बढ़ गया कि मेले के कर्मचारियों ने तीनों के साथ मारपीट शुरू कर दी। वायरल वीडियो में एक कर्मचारी महिला को लात मारते हुए दिखाई दे रहा है, जिससे वह नीचे गिर गई। मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया, जो तेजी से वायरल हो रहा है।

पुलिस ने लिया स्वत: संज्ञान
वीडियो वायरल होने के बाद मानिकपुर चौकी पुलिस ने मामले में स्वत: संज्ञान लेते हुए कार्रवाई की। पुलिस ने मेला मैनेजर समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच जारी है।

मेले की सुरक्षा और व्यवस्थाओं पर उठे सवाल
घटना के बाद मेले की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। बताया जा रहा है कि इससे पहले भी मेले में हादसे और विवाद की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि मेले में सुरक्षा मानकों का सही तरीके से पालन नहीं किया जा रहा।

फूड लाइसेंस और स्टंट पर भी सवाल
जानकारी यह भी सामने आई है कि मेले में बिना लाइसेंस खाद्य सामग्री बेची जा रही थी। वहीं मौत के कुएं जैसे खतरनाक स्टंट भी संचालित किए जा रहे हैं। खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने जांच कर कार्रवाई की बात कही है।




































