Suvendu Adhikari Oath: बंगाल की राजनीति में आज का दिन ऐतिहासिक रहा। भवानीपुर में पूर्व सीएम ममता बनर्जी को हराने वाले शुभेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। इसी के साथ पश्चिम बंगाल में बीजेपी का सूखा खत्म हो गया है और उसे सूबे में पहला सीएम मिल गया।

LIVE: শপথ গ্রহণ অনুষ্ঠান | ব্রিগেড প্যারেড গ্রাউন্ড, কলকাতা। https://t.co/7yIHkuNMFH
— BJP West Bengal (@BJP4Bengal) May 9, 2026
शपथ ग्रहण समारोह कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में भव्य रूप से आयोजित किया गया। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद मौजूद रहे। समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता समेत भाजपा के कई प्रमुख नेता शामिल हुए।

सुवेंदु अधिकारी के साथ इन 5 विधायकों ने भी ली शपथ
निशीथ प्रमाणिक- माथाभांगा सीट से विधायक निशीथ प्रमाणिक ने मंत्री पद की शपथ ली है। उन्होंने राजनीति की शुरुआत टीएमसी से की थी और 2019 में बीजेपी में शामिल हुए थे। वह उत्तर बंगाल से आते हैं। वह केंद्र में राज्य मंत्री रह चुके हैं। वह कूचबेहार से सांसद थे।

क्षुदीराम टुड्डू – क्षुदीराम टुड्डू ने मंत्री पद की शपथ ली है। वह बंगाल का आदिवासी चेहरा हैं। पेशे से शिक्षक हैं और सरकारी स्कूल में अध्यापन करते थे। वह रानीबांध से चुनकर आए हैं। उन्होंने संथाली भाषा में शपथ ली है।

अशोक कीर्तिनिया- बनगांव उत्तर से विधायक हैं। वह मुतआ समुदाय के लिए ऐक्टिव रहते हैं। सामाजिक कार्यों में उनके योगदान को सराहा जाता है। वह लगातार दो बार विधायक बन चुके हैं। इस बार भी बनगांव से उन्हें जीत हासिल हुई है।
अग्निमित्रा पॉल- अग्निमित्रा पॉल ने भी मंत्री पद की शपथ ली है। उन्हें भी उपमुख्यमंत्री बनाए जाने की चर्चा है। वह आसनसोल दक्षिण से विधायक हैं और 2019 में बीजेपी में शामिल हुई थीं। वह बंगाल में मजबूत महिला चेहरा हैं। वह फैशन डिजाइनर से नेता बनी हैं।
दिलीप घोष- दिलीप घोष ने मंत्री पद की शपथ ली है। जानकारों का कहना है कि उन्हें उपमुख्यमंत्री भी बनाया जा सकता है। वह लंबे समय से आरएसएस से जुड़े हैं और बंगाल में बीजेपी के अध्यक्ष रहे हैं। वह खड़गपुर सदर से विधायक हैं।




































