BALOD NEWS. छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में शुक्रवार रात दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। डौंडीलोहारा थाना क्षेत्र के खैरीडीह गांव के पास तेज रफ्तार कार और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत में तीन दोस्तों की मौत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवकों के शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गए। हादसे में एक युवक का पैर कटकर दूर जा गिरा, जबकि दूसरे का हाथ शरीर से अलग हो गया।

मृतकों की पहचान सिर्राभाठा निवासी तरुण यादव (20), राहुल सेवता (20) और मुड़खुसरा निवासी नरेंद्र भुआर्या (21) के रूप में हुई है। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार रात करीब 10 बजे तीनों युवक बाइक से डौंडीलोहारा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान राजनांदगांव की तरफ जा रही तेज रफ्तार कार (CG 04 QB 5621) ने सामने से जोरदार टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक और कार दोनों के परखच्चे उड़ गए। बाइक सवार युवक सड़क पर कई फीट दूर जा गिरे। हादसे में तरुण यादव का हाथ शरीर से अलग हो गया, जबकि पीछे बैठे राहुल सेवता का पैर कटकर करीब 50 मीटर दूर जा गिरा। नरेंद्र भुआर्या को भी गंभीर चोटें आई थीं।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, तरुण और नरेंद्र की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। गंभीर रूप से घायल राहुल ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि राहुल का कटा हुआ पैर शनिवार सुबह करीब 8 बजे ग्रामीणों को पैरावट में मिला, जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

डौंडीलोहारा थाना प्रभारी सुनील तिर्की ने बताया कि शुरुआती जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और लापरवाही सामने आ रही है। कार सवार लोग दल्लीराजहरा से राजनांदगांव लौट रहे थे, जबकि युवक डौंडीलोहारा की ओर जा रहे थे। पुलिस के मुताबिक, सभी शवों का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है। युवकों ने शराब पी रखी थी या नहीं, इसका खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।





































