SURAJPUR NEWS. सूरजपुर जिले की प्रतापपुर तहसील में पदस्थ एक पटवारी के रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार होने के बाद प्रशासन ने राजस्व विभाग में व्यापक स्तर पर फेरबदल किया है। जिला कलेक्टर ने एक साथ 100 से अधिक कर्मचारियों के तबादले का आदेश जारी किया है, जिससे विभाग में हलचल मच गई है।


जिला प्रशासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार, कुल 106 पटवारियों और 9 राजस्व निरीक्षकों का स्थानांतरण किया गया है। बताया जा रहा है कि जिन कर्मचारियों का लंबे समय से एक ही स्थान पर पदस्थापना थी, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर स्थानांतरित किया गया है। इतनी बड़ी संख्या में एक साथ तबादले को असामान्य माना जा रहा है, हालांकि प्रशासन ने इसे नियमित प्रशासनिक प्रक्रिया का हिस्सा बताया है।


उल्लेखनीय है कि प्रतापपुर तहसील में पदस्थ पटवारी सौरभ गोस्वामी को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया था। शिकायत मिलने के बाद ACB ने पहले मामले का सत्यापन किया और फिर जाल बिछाकर कार्रवाई को अंजाम दिया। पटवारी पर नामांतरण और नौकरी से संबंधित प्रतिवेदन तैयार करने के एवज में घूस मांगने का आरोप लगाया गया था।








































