NEW DELHI NEWS. चुनाव के गरमाते माहौल के बीच राजनीतिक बयानबाजी ने अब तूल पकड़ लिया है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ की गई एक कथित टिप्पणी को लेकर भारतीय चुनाव आयोग (EC) ने बुधवार को उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया है।

भाजपा ने चुनाव आयोग में शिकायत दर्ज कराई थी कि खड़गे ने चेन्नई में एक चुनावी रैली के दौरान प्रधानमंत्री मोदी को ‘आतंकी’ (Terrorist) संबोधित किया था। भाजपा का आरोप है कि यह बयान आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन है और सार्वजनिक विमर्श के स्तर को गिराने वाला है।


खड़गे की सफाई: ‘मेरे बयान को गलत समझा गया’
नोटिस जारी होने के बाद कांग्रेस अध्यक्ष ने अपने बयान पर स्पष्टीकरण दिया है। उन्होंने कहा मैंने प्रधानमंत्री को व्यक्तिगत रूप से आतंकवादी नहीं कहा। मेरे कहने का अर्थ था कि पीएम मोदी विपक्षी दलों और जनता को डराने-धमकाने की राजनीति कर रहे हैं। वह हमेशा धमकियां देते रहते हैं, मैंने इसी संदर्भ में बात की थी।

अमित शाह का तीखा पलटवार
इस विवाद पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पश्चिम बंगाल के दमदम में एक रैली के दौरान कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा राहुल गांधी के साथ रहकर खड़गे जी की भाषा भी बिगड़ने लगी है। जो व्यक्ति आतंकवाद को खत्म कर रहा है, उसे ही खड़गे जी आतंकवादी कह रहे हैं। मोदी जी को जितनी गालियां दी जाएंगी, ‘कमल’ उतना ही ज्यादा खिलेगा।






































