Pendra Road Accident मरवाही: गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में सोमवार देर रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। शराब के नशे में धुत एक युवक ने अपनी तेज रफ्तार बाइक से सड़क पर चल रहे पांच राहगीरों को टक्कर मार दी, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई और चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

यह घटना सोमवार रात करीब 9 बजे मरवाही-लोहारी मार्ग पर ग्राम गनाया के पास हुई। पुलिस के अनुसार, ग्राम गनाया निवासी 18 वर्षीय दुर्गेश यादव शराब पीकर नशे में था और अत्यधिक तेज रफ्तार से बाइक चला रहा था। इसी दौरान उसने सड़क किनारे चल रहे राहगीरों को अपनी बाइक से जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे में मरवाही निवासी सोनू चंद्रा की मौके पर ही मौत हो गई। घायलों में आदित्य केवट (17), योगेश्वर केवट (19), किशन केवट (17, निवासी विशेषरा) और ईश्वर केवट (18) शामिल हैं। सभी गंभीर रूप से घायल हो गए। बाइक चालक दुर्गेश यादव को भी गंभीर चोटें आईं।

घटना के बाद सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) मरवाही ले जाया गया। वहां से तीन गंभीर घायलों को संजीवनी 108 एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल रेफर किया गया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान बाइक चालक दुर्गेश यादव की भी मौत हो गई।
मरवाही पुलिस के सीपी गढ़ेवाल ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और दुर्घटना के सही कारणों की विस्तार से पड़ताल की जा रही है। पुलिस ने आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।




































