AMBIKAPUR NEWS. छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। नेशनल हाईवे-130 पर स्थित भिट्ठीकला गांव में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने सड़क किनारे पैदल लौट रहीं चार महिलाओं को कुचल दिया। इस हादसे में तीन महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल है और अस्पताल में उसका इलाज जारी है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिलाएं साप्ताहिक बाजार से सब्जी खरीदकर घर लौट रही थीं, तभी अचानक सामने से आई बेकाबू स्कॉर्पियो ने उन्हें रौंद दिया।

हादसे के बाद सड़क पर पड़ी अपनी मां की लाश देखकर एक मासूम बेटी बिलखती रही—यह दृश्य देख हर किसी की आंखें नम हो गईं।घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने स्कॉर्पियो चालक को पकड़कर उसकी जमकर पिटाई कर दी। इसके बाद शवों को सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया गया। इस वजह से करीब डेढ़ घंटे तक हाईवे पर 3 से 4 किलोमीटर लंबा जाम लगा रहा।

मौके पर पहुंची मणिपुर थाना पुलिस ने लोगों को समझाइश देकर मामला शांत कराया और जाम खुलवाया।जानकारी के मुताबिक, स्कॉर्पियो (क्रमांक CG 15 EH 8874) अंबिकापुर से लखनपुर की ओर जा रही थी। भिट्ठीकला के पास उसने पहले तीन महिलाओं को कुचला, फिर आगे बढ़कर चौथी महिला को भी टक्कर मारी। इसके बाद भी वाहन नहीं रुका और आगे जाकर सामने से आ रहे एक ट्रेलर से जा भिड़ा।

इस हादसे में रामबाई (50 वर्ष), मुन्नी बाई (40 वर्ष), श्यामपति (35 वर्ष) की मौत हो गई, जबकि एक अन्य महिला आयुषी गंभीर रूप से घायल है। हादसे के बाद भागने की कोशिश कर रहे ड्राइवर को ग्रामीणों ने दौड़ाकर पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपी चालक सोनू राजवाड़े को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। भिट्ठीकला में हर रविवार साप्ताहिक बाजार लगता है।

हादसे की शिकार सभी महिलाएं बाजार से सब्जी खरीदकर अपने घर लौट रही थीं, तभी यह दर्दनाक घटना घट गई। यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों को उजागर करता है। स्थानीय लोग प्रशासन से सख्त कार्रवाई और सड़क सुरक्षा के बेहतर इंतजाम की मांग कर रहे हैं।




































