WASHINGRON NEWS.मिडिल ईस्ट में जंग का दायरा लगातार बढ़ता नजर आ रहा है। अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच जारी तनाव अब सीधे टकराव की ओर बढ़ रहा है। खासतौर पर Strait of Hormuz को लेकर अमेरिका और तेहरान के बीच स्थिति बेहद गंभीर हो गई है। अमेरिकी राष्ट्रपति Donald Trump ने ईरान को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि कोई समझौता नहीं हुआ, तो अमेरिका ईरान को तबाह कर सकता है।

अमेरिकी राष्ट्रपति ने होर्मुज जलडमरूमध्य को खोलने के लिए मंगलवार शाम तक की नई समय सीमा तय की है। ABC News को दिए इंटरव्यू में ट्रंप ने साफ कहा कि अगर ईरान बातचीत के लिए तैयार नहीं होता है, तो अमेरिका कड़े सैन्य कदम उठा सकता है। उन्होंने संकेत दिए कि ईरान के पावर प्लांट और प्रमुख पुलों को निशाना बनाया जा सकता है।

ट्रंप ने कहा कि तेहरान के पास समझौते का पर्याप्त समय है, लेकिन अगर वह नहीं मानता तो गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Truth Social पर पोस्ट करते हुए ट्रंप ने संभावित कार्रवाई का समय भी साझा किया। उन्होंने लिखा कि मंगलवार, पूर्वी समयानुसार रात 8:00 बजे! यह समय भारतीय समयानुसार बुधवार (8 अप्रैल) सुबह के आसपास पड़ता है।

इससे पहले भी ट्रंप ने स्पष्ट कहा था कि यदि Strait of Hormuz को समुद्री यातायात के लिए नहीं खोला गया, तो ईरान के बिजली संयंत्रों और पुलों पर हमले किए जाएंगे। उन्होंने कड़ी भाषा का इस्तेमाल करते हुए कहा कि ईरान को नरक बना दिया जाएगा। बता दें कि ईरानी स्पीकर ने कहा था कि इस संकट का एकमात्र समाधान ईरानी जनता के अधिकारों का सम्मान और युद्ध को समाप्त करना है। उन्होंने चेतावनी दी कि युद्ध अपराधों से किसी को कोई लाभ नहीं होगा।

ईरान का पलटवार: अमेरिका को नरक में धकेल रहे
ईरान की संसद के स्पीकर Mohammad Bagher Ghalibaf ने ट्रंप के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि ट्रंप के लापरवाह कदम पूरे क्षेत्र को युद्ध की आग में झोंक रहे हैं। कालिबफ ने आरोप लगाया कि अमेरिका, इजरायल के प्रधानमंत्री Benjamin Netanyahu के दबाव में काम कर रहा है और यह संघर्ष पूरे क्षेत्र को अस्थिर कर सकता है।

मिडिल ईस्ट में हालात तेजी से बिगड़ते जा रहे हैं। होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर खींचतान अब वैश्विक संकट का रूप ले सकती है, क्योंकि यह मार्ग दुनिया की ऊर्जा सप्लाई के लिए बेहद अहम माना जाता है।




































