MAHASAMUND NEWS. महासमुंद जिले की सिंघोड़ा पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने छत्तीसगढ़-ओडिशा सीमा पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 5 अंतरराज्यीय गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 281.900 किलोग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 1 करोड़ 40 लाख रुपये आंकी गई है।


तस्करी में इस्तेमाल वाहन भी जब्त
पुलिस ने तस्करी में उपयोग की जा रही एक फॉर्च्यूनर और एक स्कॉर्पियो कार को भी जब्त किया है। इसके साथ ही आरोपियों के पास से कुल 2 करोड़ 6 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति बरामद की गई है। गिरफ्तार किए गए सभी आरोपी महाराष्ट्र के सतारा और सोलापुर जिले के निवासी बताए जा रहे हैं।


ओडिशा से पुणे तक सप्लाई की थी योजना
पुलिस जांच में सामने आया है कि तस्कर ओडिशा के फुलवानी से गांजा लेकर महाराष्ट्र के पुणे में बेचने की योजना बना रहे थे। सूचना मिलने पर पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर घेराबंदी कर रेहटीखोल के पास आरोपियों को धर दबोचा। सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।




































