BHILAI NEWS. छत्तीसगढ़ के दुर्ग-भिलाई क्षेत्र में शनिवार को दो अलग-अलग स्थानों पर छात्रों द्वारा आत्महत्या किए जाने की घटनाओं ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। दोनों ही मामलों में फिलहाल आत्महत्या के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं, वहीं पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। घटना पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र के अकलोरडीह इलाके की है। यहां रहने वाली 17 वर्षीय वीणा ठाकुर, जो शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला जरवाय में 11वीं कक्षा की छात्रा थी, ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

बताया जा रहा है कि शनिवार तड़के करीब 3 बजे वह पढ़ाई के लिए अपने कमरे में गई थी। सुबह करीब 6 बजे जब दरवाजा नहीं खुला तो परिजनों ने उसे तोड़कर अंदर प्रवेश किया। अंदर वीणा दुपट्टे के सहारे पंखे से लटकी मिली। पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें उसने अपने माता-पिता और परिवार से माफी मांगते हुए लिखा कि सॉरी मम्मी-पापा, अब कभी परेशान नहीं करूंगी।

परिजनों के अनुसार, वीणा बचपन से अपने मामा के साथ रह रही थी। उसकी मां का निधन वर्ष 2011 में हो चुका था। घटना से पहले वह अपने पिता से मिलकर लौटी थी। दूसरी घटना स्मृति नगर चौकी क्षेत्र के कोहका स्थित आर्यनगर वार्ड की है। यहां रहने वाले 19 वर्षीय उमेश कुमार साहू ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

उमेश Rungta College of Engineering and Technology में बीसीए (कंप्यूटर साइंस) सेकंड ईयर का छात्र था। घटना देर रात से सुबह के बीच की बताई जा रही है। सुबह जब उसने कमरे का दरवाजा नहीं खोला तो परिजनों को शक हुआ। दरवाजा खोलने पर वह पंखे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

परिवार का कहना है कि उमेश पढ़ाई में ठीक था और उस पर किसी तरह का दबाव भी नहीं था। ऐसे में उसकी आत्महत्या की वजह समझ से परे है। दोनों मामलों में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही आत्महत्या के पीछे की असली वजह सामने आएगी।





































