TIRUWALLA NEWS. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केरल के तिरुवल्ला में आयोजित एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए राज्य की राजनीति में बड़े बदलाव का दावा किया है। पीएम मोदी ने विश्वास जताते हुए कहा कि इस बार के चुनावों में केरल से लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट (LDF) की सरकार की विदाई तय है और भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाले नेशनल डेमोक्रेटिक अलायंस (NDA) की सरकार सत्ता में आएगी।

प्रधानमंत्री ने सभा में उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा, “मैं पहले भी कई बार केरल आया हूं, लेकिन इस बार यहाँ हवा का रुख कुछ अलग ही नजर आ रहा है। केरल एक ऐतिहासिक बदलाव के लिए पूरी तरह तैयार है और इस बार राज्य में निश्चित रूप से सत्ता परिवर्तन होगा।”


घर बैठे लोकतंत्र का हिस्सा बनीं 100 वर्षीय कुचम्मा
चुनाव के बीच केरल के पलक्कड़ जिले से एक प्रेरणादायक तस्वीर सामने आई है। चुनाव आयोग ने कोंगड की रहने वाली 100 वर्षीय बुजुर्ग महिला, कुचम्मा की तस्वीर साझा की है, जिन्होंने अपने घर से ही मतदान किया। चुनाव आयोग की टीम विशेष रूप से उनके घर पहुंची और उन्हें ‘होम वोटिंग’ की सुविधा प्रदान की।

गौरतलब है कि राज्य में उन बुजुर्गों और दिव्यांगों के लिए, जो पोलिंग बूथ तक पहुँचने में असमर्थ हैं, निर्वाचन आयोग द्वारा घर से ही वोट डालने की विशेष सुविधा दी जा रही है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न रहे।





































