BALOD NEWS. बालोद जिले के डौंडीलोहारा थाना क्षेत्र के ग्राम जोगीभाठ में बीती रात शीतला मंदिर को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। गांव में आयोजित एक बैठक के दौरान हुए झगड़े में उप-सरपंच के भतीजे की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित पांच संदेहियों को हिरासत में ले लिया है।

क्या है पूरा मामला?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत बटेरा के आश्रित ग्राम जोगीभाठ में शीतला मंदिर के विषय को लेकर ग्रामीणों की बैठक बुलाई गई थी। बैठक के दौरान ग्रामीणों और उप-सरपंच डोमेन्द्र देशमुख के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और वहां मौजूद सोहन लाल साहू तथा उसके साथियों ने हमला कर दिया।


बताया जा रहा है कि जब उप-सरपंच का भतीजा कुणाल देशमुख बीच-बचाव करने पहुंचा, तभी आरोपी सोहन लाल ने उस पर चाकू से प्राणघातक हमला कर दिया। हमले में कुणाल गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस कर रही कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही डौंडीलोहारा पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सोहन लाल साहू समेत कुल पांच लोगों को हिरासत में ले लिया। गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले की गंभीरता से जांच जारी है।




































