BILASPUR NEWS. शहर में दिनदहाड़े ऑटो में सफर के दौरान चोरी की चौंकाने वाली घटना सामने आई है। शादी समारोह से लौट रही एक महिला के बैग से अज्ञात महिलाओं ने बड़ी सफाई से करीब 4 तोला सोने के जेवर पार कर दिए। पीड़िता को चोरी का पता घर पहुंचने के बाद चला। सिविल लाइन थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, उसलापुर स्थित वैष्णवी विहार निवासी सुषमा पाण्डेय 30 मार्च को अपनी बेटी के यहां शादी समारोह में शामिल होने गई थीं। 31 मार्च की सुबह वे बस से गुरुनानक चौक पहुंचीं और वहां से ई-रिक्शा लेकर नेहरू चौक आईं। इसके बाद घर जाने के लिए ऑटो में सवार हुईं।


सहेलियों के रूप में बैठीं शातिर महिलाएं
ऑटो में पहले से तीन महिलाएं मौजूद थीं। आशंका है कि इन्हीं महिलाओं ने सफर के दौरान मौका देखकर बैग में साड़ी के नीचे रखे डिब्बे से सोने का हार और एक जोड़ी ईयररिंग पार कर दिए।
महिला जब उसलापुर ओवरब्रिज के पास उतरकर करीब 11 बजे घर पहुंचीं और सामान रखने के लिए बैग खोला, तो जेवर गायब देखकर सन्न रह गईं। चोरी गए जेवरों का वजन करीब 4 तोला बताया जा रहा है।

पुलिस जुटी जांच में
पीड़िता ने पहले अपने स्तर पर ऑटो चालक और अन्य लोगों से पूछताछ की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। फिलहाल सिविल लाइन पुलिस ने अज्ञात महिलाओं के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।





































