RAIPUR NEWS. छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में क्राइम ब्रांच ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतरराष्ट्रीय ठगी गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने फाइनेंस कंपनी की आड़ में संचालित किए जा रहे एक फर्जी कॉल सेंटर पर छापेमारी कर 25 से अधिक आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार, यह कॉल सेंटर गंज थाना क्षेत्र के पास स्थित पिथलिया कॉम्प्लेक्स की तीसरी और चौथी मंजिल में संचालित हो रहा था। आरोपी रात के समय कॉल सेंटर चलाते थे और अमेरिकी नागरिकों को निशाना बनाकर उनसे ठगी करते थे। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी खुद को फाइनेंस कंपनी का प्रतिनिधि बताकर विदेशी नागरिकों को झांसे में लेते थे और उनसे बड़ी रकम वसूलते थे।

पुलिस के अनुसार, यह पूरा नेटवर्क सुनियोजित तरीके से संचालित किया जा रहा था। क्राइम ब्रांच की इस कार्रवाई को अब तक की बड़ी सफलताओं में से एक माना जा रहा है, क्योंकि एक साथ बड़ी संख्या में आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

छापेमारी के दौरान पुलिस को मौके से कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और संदिग्ध दस्तावेज भी बरामद हुए हैं, जिनकी जांच जारी है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर इस अंतरराष्ट्रीय ठगी गिरोह के अन्य नेटवर्क और संभावित कनेक्शनों की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।



































